वाराणसी में 500 बाइक यात्रियों से संवाद करेंगे पीएम मोदी: नितिन नवीन और योगी की जनसभा भी होगी

Navchetana


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन बुधवार को वाराणसी में होगा। संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बाइक यात्री और अन्य लोग प्रधानमंत्री का संबोधन सुन रहे हैं।


दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी जन्मस्थली वडनगर ने उन्हें ऐसे संस्कार और मूल्य दिए, जिन्होंने उनके पूरे जीवन को आकार दिया। उन्होंने कहा कि काशी ने उन्हीं संस्कारों में जनसेवा के अनगिनत और अद्भुत रंग भरे हैं।


गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार शाम काशी पहुंची। प्रधानमंत्री करीब 500 बाइक यात्रियों से संवाद करेंगे। इसके बाद यात्री बसों से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर जलाभिषेक करेंगे।


इसके बाद वाराणसी से करीब 10 किलोमीटर दूर रोहनिया क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा होगी। आयोजन स्थल पर लगभग 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में काशी में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा होगी।