जौनपुर। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के सिरकोनी ब्लॉक स्थित खलीलपुर गांव की यादव बस्ती में वर्षों से जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। गांव के निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विमल यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक लकी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे केवल चुनाव के समय जनता के बीच आते हैं, जबकि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
विमल यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि खलीलपुर गांव की यह सड़क पिछले लगभग 25 वर्षों से बदहाल स्थिति में है। बरसात के मौसम में सड़क पर चलना किसी चुनौती से कम नहीं होता। स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और किसान प्रतिदिन इसी जर्जर मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
उन्होंने दावा किया कि जिला मुख्यालय से मात्र चार किलोमीटर दूर स्थित इस सड़क की मरम्मत के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की गई, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका। उनका आरोप है कि सड़क पर केवल गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया, जिससे समस्या और बढ़ गई।
सोशल मीडिया पोस्ट में विमल यादव ने विधायक लकी यादव पर निशाना साधते हुए लिखा कि वे "सिर्फ वोट लेने वाले नेता" बनकर रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास की बजाय राजनीति केवल जातीय समीकरणों और पारिवारिक विरासत के सहारे चल रही है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए विधायक से कई बार मुलाकात की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विमल यादव ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक करोड़ों रुपये की लग्जरी गाड़ी से चलते हैं, जबकि गांव की जनता आज भी मूलभूत सड़क सुविधा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।
गौरतलब है कि खलीलपुर की इसी सड़क की बदहाली का मुद्दा पूर्व में स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हो चुका है, जिसमें बताया गया था कि सड़क की जर्जर स्थिति से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गए आरोपों पर विधायक लकी यादव की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

