Dev Diwali 2023 : अलौलिक छटा देख अभिभूत हुए विदेशी मेहमान, 70 देशों के राजदूत व 150 विदेशी डेलीगेट्स पहुंचे काशी

Desk
0

 


वाराणसी। भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर होने वाली भव्य देव दीपावली का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विदेशी मेहमानों के साथ नमो घाट पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। सीएम और केंद्रीय मंत्री ने विदेशी मेहमानों के साथ क्रूज पर बैठकर काशी के सभी गंगा घाटों पर जलाए गए दीपमालिकाओं का दृष्यावलोकन किया। नमो घाट पर विदेशी मेहमानों ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो भी खिंचवाई।


काशी की भव्य देव दीपावली की पहचान अब प्रदेश के मेले के रूप में शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने देवताओं के उत्सव देव दीपावली को राजकीय मेला घोषित कर दिया है। घाटों पर देव दीपावली के आयोजन के लिए सजाने और संवारने का कार्य भव्य तरीके से किया गया। इस बार घाटों पर सजने वाली दीपमाला के साक्षी 70 देशों के राजदूत के साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स भी बने। इसमें इंडोनेशिया, इटली, चीन, पोलैंड, रूस, नेपाल, भूटान, ग्रीस समेत अन्य देशों के राजदूत, उच्चायुक्त व शीर्ष अधिकारी शामिल हैं। जिन्होंने देव दीपावली के इस अद्भुत एवं अकल्पनीय छटा को खूब निहारा। मेहमानों को विवेकानंद क्रूज से देव दीपावली और गंगा पार होने वाली आतिशबाजी का नजारा दिखाया गया।


विश्वविख्यात देवदीपावली पर साक्षी बनने के लिए 70 देशों के राजदूत काशी आए हैं। इनके साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स और परिजन भी देव दीपावली का दिव्य नजारा देखने आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इनका स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी मेहमान देव दीपावली के अविस्मरणीय पलों के साक्षी बनें। मेहमान दोपहर बाद एयरपोर्ट से नमो घाट आए। यहां से क्रूज़ पर सवार होकर देव दीपावली के भव्य नज़ारे को कैद किया। भारतीय परंपरानुसार एयरपोर्ट पर मेहमानों का स्वागत किया गया। वहीं एयरपोर्ट समेत विभिन्न स्थानों पर लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। स्वागत के लिए रास्तों और चौराहों को सजाया गया है। विदेशी मेहमान लेज़र और क्रैकर शो का भी लुफ्त उठाए।


राजदूत व विदेशी डेलीगेट्स के एयरपोर्ट पहुंचने पर जहां परंपरागत तरीके से टीका लगाकर व अंगवस्त्र भेटकर उनका स्वागत हुआ। वहीं नमो घाट पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। नमो घाट पर प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, मुख्य सचिव डॉ दुर्गा शंकर मिश्र, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम आदि लोगो ने स्वागत किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे के क्रम में एयरपोर्ट पहुंचने पर सांसद मछलीशहर बीपी सरोज, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुशील सिंह, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम समेत विभिन्न अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)