लखनऊ/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रतापगढ़ निवासी युवा सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता और शोधार्थी विजय को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
विजय ने हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय लल्लू की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। पार्टी में शामिल होने के कुछ ही समय बाद उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
JNU से कर रहे हैं अर्थशास्त्र में शोध
विजय जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अर्थशास्त्र में पीएचडी कर रहे हैं। छात्र राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे विजय सामाजिक न्याय, हिस्सेदारी, आर्थिक समानता और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं। वे पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय रहे हैं।
अर्थशास्त्र की अकादमिक पृष्ठभूमि के साथ सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश प्रवक्ता के रूप में वे पार्टी की नीतियों और विचारों को विभिन्न सार्वजनिक एवं मीडिया मंचों पर रखने की भूमिका निभाएंगे।
नियुक्ति पर जताया नेतृत्व का आभार
प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर विजय ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक सामान्य परिवार के युवा पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, जिसके लिए वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि वे सामाजिक न्याय, वंचित और बहुजन समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को प्रदेश के लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।


